शनिवार, 9 जून 2007

हिंडन नहर में 15 वर्षीय किशोर नहाते समय डूबा

;नोएडा, संवाददाता : वसुंधरा एंक्लेव में धर्मशिला कैंसर अस्पताल के पास हिंडन नहर में एक पंद्रह वर्षीय किशोर नहाते समय शुक्रवार दोपहर डूब गया। मामले की जानकारी मिलने पर बच्चे के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना देने के बावजूद दिल्ली प्रशासन की तरफ से बच्चे को नहर से निकालने के लिए लगभग चार घंटे बाद कार्रवाई शुरू की गई। इस काम में दिल्ली फायर सर्विस के साथ ही गोताखोरों की भी मदद ली गई। जानकारी के मुताबिक, नोएडा सेक्टर आठ में रहने वाले राकेश कुमार का 15 वर्षीय बेटा सन्नी अपने दोस्तों के साथ घर में बिना बताए हिंडन नहर पर नहाने चला गया। नहाते समय अचानक उसका पांव फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। साथ में नहा रहे साथी यह देख घबराए और मौके से भाग गए। बाद में सन्नी के पिता की सेक्टर-आठ स्थित दुकान में जाकर उन्होंने घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता व मां के साथ ही अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बच्चे के डूबने की दिल्ली पुलिस को जानकारी दी। बच्चे का नहर से निकालने के लिए दिल्ली फायर सर्विस की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया, लेकिन फायर कर्मी बच्चे को नहर से निकालने में कामयाब नहीं हुए। घटना के लगभग चार घंटे तक बच्चे के नहर से न निकलने के बाद जाकर दिल्ली प्रशासन हरकत में आया। मौके पर पहुंचे क्षेत्र के एसडीएम ने नाव से बच्चे को नहर में खोजने के निर्देश दिए। इसके बाद जाकर नहर में नाव को उतार कर कांटे की मदद से बच्चे को खोजने की कोशिश की गई। लगभग आधे घंटे की कोशिश के बाद भी बच्चे का शव नहर से नहीं निकाला जा सका। शाम को जाकर गोताखोरों को नहर में उतारा गया। समाचार लिखे जाने तक गोताखोर बच्चे के शव को नहर से निकालने में जुटे हुए थे।

कोई टिप्पणी नहीं: